शिमला में NHM अधिकारी पर हमला,मामला दर्ज


शिमला-26 मई. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के विशेष कार्य अधिकारी डॉ. विकास शर्मा पर हमला हुआ है। यह घटना 26 मई की सुबह 9:30 बजे ब्रॉकहर्स्ट क्षेत्र में घटी, जब डॉ. शर्मा अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे।जानकारी के अनुसार, करीब 30 वर्षीय युवक, जो नीली शर्ट और लाल कैप पहने हुए था, ने रास्ते में डॉक्टर को रोका और धक्का देकर घाटी की ओर धकेलने की कोशिश की। उसने डॉक्टर का मोबाइल फोन छीनने का प्रयास भी किया और साथ ही 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल को न रोकने की धमकी दी। हमले में डॉ. शर्मा की शर्ट फट गई, बटन टूट गए और उनकी पीठ व दाहिने हाथ पर गंभीर चोटें आईं। चोटों की वजह से वे चलने में असमर्थ हो गए। मौके पर मौजूद कार्यालय कर्मचारी पप्पू ने उनकी मदद की और उन्हें सामान सहित कार्यालय तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस की मदद से चिकित्सा सहायता के लिए ले जाया गया।घटना उसी दिन प्रस्तावित 108 कर्मचारियों की हड़ताल से संबंधित बैठक से जोड़ी जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक को रोकने के उद्देश्य से हमला किया गया। इस घटना को लेकर NHM कर्मचारियों में रोष है और उन्होंने पुलिस से त्वरित व सख्त कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों में भय का वातावरण पैदा कर सकती हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में बाधा आ सकती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *