शिमला में बर्फ देखने उमड़े सैलानी, लगा 20 किलोमीटर लंबा जाम


शिमला-25 जनवरी. हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बाद राजधानी शिमला में हालात सामान्य होने के बजाय और चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। रविवार को मौसम साफ होते ही बड़ी संख्या में सैलानी बर्फ देखने शिमला पहुंचे जिससे शहर की सड़कों पर दिनभर लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। एक जानकारी के मुताबिक शिमला से सोलन के बीच करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लगा। शिमला-कालका नेशनल हाईवे पर शहर के प्रवेश द्वार पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। इसी तरह ढली से कुफरी तक सड़क पर और शहर के कार्ट रोड पर भी यातायात की रफ्तार थमी रही। स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी रोजमर्रा के कामों के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि प्रशासन ने शिमला शहर की सभी प्रमुख सड़कों को बहाल कर दिया है, लेकिन सैलानियों की अधिक संख्या के कारण ट्रैफिक दबाव लगातार बना हुआ है। पुलिस को यातायात व्यवस्था संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। उधर, पूरे प्रदेश में बर्फबारी के असर से जनजीवन अभी भी पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट पाया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *