मंडी-26 अप्रैल. जिस घर में शुक्रवार को शहनाइयां गूंज रही थी, वहां पर आज मातम पसरा हुआ है.मामला मंडी जिले के गोहर के तरौर गांव का है. यहां पर कार हादसे का शिकार हुए परिवार के चारों लोगों का अंतिम संस्कार कर दिया गया. बीते कल बारात से वापिस लौट रही कार दुर्घटनाग्रस्त हुई इस कार हादसे के शिकार युवक, उसकी पत्नी, भतीजी और एक अन्य महिला के शवों का पोस्टमास्टम के बाद गोहर के तरौर के नगालनी नाला श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया गया. शनिवार को पहले चारों शव घर में रखे गए और फिर वहां से अंतिम यात्रा निकली. इस गमगीन माहौल में दूल्हे शेर सिंह ने अपने भाई भाभी, भतीजी की चिता को मुखाग्नि दी. बड़ी संख्या में लोग भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए. कार हादसे में नगालनी के श्मशान घाट पर मृतक दूनी चंद, कांता देवी और उनकी दुधमुही बच्ची किंजल तथा नेपाल निवासी मीना देवी को दूल्हे शेर सिंह ने मुखाग्नि दी, जबकि हादसे में पांचवे मृतक डाहलू राम निवासी नौण का उनके पैतृक गांव के स्थानीय श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया।
दरअसल, मंडी के पंडोह डैम के पास शुक्रवार को एक कार हादसे का शिकार हो गई थी. यहां पर बारात से लौट रही दूल्हे के भाई की कार सड़क से पंडोह डैम के साथ जा गिरी. हादसे में कार सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस कार में दूल्हे के भाई, भाभी, भतीजी, एक बच्ची और महिला सवार थी. सभी के शवों को बड़ी मुश्किल से कार से निकाला गया, क्योंकि कार पुरी तरह से पिचक गई थी. मौके पर जाने के लिए किश्ती का सहारा लेना पड़ा और बाद में किश्ती के जरिये ही शवों को रिकवर किया गया.बता दें कि गोहर उपमंडल के तरौर गांव के शेर सिंह की बारात शुक्रवार को सराज क्षेत्र के भाटकीधार गई थी. यहां पर दोपहर बाद दूल्हे के बड़े भाई दुनी चंद बारात की वापसी से थोड़ा पहले घर के लिए वापस लौट रहे थे, लेकिन पंडोह डैम के पास दुनी चंद की कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. पंडोह-बाखली सड़क पर पंडोह डैम के किनारे पर कार जा फंसी. हादसे के कारणों का पता नहीं चला है लेकिन मोड़ से कार नीचे गिरी थी.
