भारी बारिश के चलते प्रदेश में सभी शिक्षण संस्थान 7 सितंबर तक रहेंगे बंद,ऑनलाइन लगेंगी कक्षाएं


शिमला-03 सितंबर. हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जारी तबाही के बीच राज्य सरकार ने सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज और डाइट को फिलहाल बंद रखने का फैसला लिया है। इस दाैरान ऑनलाइन कक्षाएं लगानी होंगी। बुधवार दोपहर इस संबंध में आदेश जारी किए गए। विद्यार्थियों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार की ओर से यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत  सभी सरकारी-निजी कॉलेज व स्कूल, डाइट 7 सितंबर तक बंद रहेंगे। शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों को भी कॉलेज-स्कूल आने से छूट दी गई है। हालांकि, संबंधित संस्थानों के प्रमुख यह सुनिश्चित करेंगे कि जहां तक संभव हो, कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएं। छुट्टियों के दाैरान संस्थान प्रमुख  शैक्षणिक संस्थानों के बुनियादी ढांचे और चल संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क रहें। यदि स्कूल की संपत्ति क्षतिग्रस्त हो जाती है या इन संपत्तियों के क्षतिग्रस्त होने की संभावना है, तो चल संपत्तियों और स्कूल रिकॉर्ड की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

शिक्षा सचिव राकेश कंवर की ओर से जारी आदेशों के अनुसार  प्रदेश राज्य में पिछले कई दिनों से सभी क्षेत्रों में लगातार भारी से लेकर बहुत भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण व्यापक भूस्खलन,पेड़ों का गिरना, सड़कें अवरुद्ध होना, बिजली और पेयजल आपूर्ति में रुकावटें और पूरे राज्य में सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, मौजूदा खराब मौसम की स्थिति के कारण पूरे प्रदेश में कई स्थानों पर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने की आंशका है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *