नाहन-02 दिसंबर.पांवटा साहिब के खोडोवाला क्षेत्र में देररात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। एक तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से विशाल कुमार (25) पुत्र सुखदेव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर रातभर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क को जाम कर दिया। हालांकि किसी ने भी ट्राले को कुचलते हुए नहीं देखा न ही किसी ने उसका नंबर देखा है। जिस कारण पुलिस को भी इसकी पहचान करने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि विशाल अपने माता पिता की इकलौती संतान थी।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी ट्रक चालक की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यहां सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। बड़े बड़े ट्रक तेज रफ्तारी से इस सड़क से गुजरते है, जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खोडोवाला क्षेत्र में तेज रफ्तार और भारी वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि आरोपी ट्रक चालक को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ट्रक की पहचान के लिए टीमों का गठन किया गया है। आस-पास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रात को तीन ट्राला चालकों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
