शिमला-29 जनवरी. हिमाचल प्रदेश में ताजा हिमपात व बारिश के बाद राज्य ही आवोहवा शुद्ध हो गई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक राजधानी शिमल के AQI में सुधार हुआ है। और देशभर में शिमला की हवा सबसे शुद्ध हुई है। प्रदेश में सभी जिलों में एक्यूआई 100 से कम ही रहा। पांवटा साहिब में 66, डमटाल में 51, ऊना में 58, धर्मशाला में 62 रहा। शिमला में 27 और सुंदरनगर में 42 गुड जोन रहा।
इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र बद्दी की आबोहवा में बारिश के बाद सुधार आया है। बुधवार को बद्दी का एक्यूआई 66 रहा। बीते दो माह में यह काफी खराब जोन में चल रहा था, 23 जनवरी को हुई बारिश में इसमें सुधार हुआ। हालांकि, यह फिर भी 100 से अधिक चल रहा था। जनवरी में यह पहला दिन है जब बद्दी के एक्यूआई 100 से कम रहा। इससे पहले अभी तक यह मोडरेट, पूअर और वेरी पूअर जोन में रहा था। लगातार हवा में सुधार होने से अस्थमा के रोगियों को भी इसका फायदा मिलेगा। मंगलवार को बद्दी में हुई बारिश के बाद हवा में धूल के कण बारिश के साथ जमीन पर बैठ गए। बद्दी के ऊपर जो एक प्रदूषण की एक चादर के लिपटी हुई थी, वह भी बारिश के बाद धुल गई और मौसम साफ होने पर बुधवार को एक्यूआई 66 पर पहुंच गया है। सुबह 10 बजे के आसपास यह 80 के करीब था और दोपहर बाद और कम हो गया।
प्रदूषण बोर्ड के वरिष्ठ अभियंता प्रवीण गुप्ता ने बताया कि बद्दी में बगैर ढके हुए टिपर, फोरलेन का कार्य अधर में होने और वाहनों से उड़ने वाली धूल से एक्यूआई बढ़ जाता है। उद्योगों के संचालकों को बोर्ड की ओर से जारी आदेश को पालन करने का निर्देश दिए गए हैं। जो भी उद्योग इसका पालन नहीं करता है तो उनके जांच के दौरान खामियां पाएं जाने पर कार्रवाई की जाती है।
