चैत्र नवरात्र उत्सव आज से शुरू करें मां दुर्गा के इस स्वरूप की पूजा


शिमला-30 मार्च. चैत्र नवरात्रि हिंदू धर्म का बहुत ही पावन पर्व होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार चैत्र नवरात्रि की शुरुआत आज यानी 30 मार्च 2025 से हो रही है। खास बात यह है कि इस बार नवरात्रि पूरे 9 दिन नहीं बल्कि 8 दिन की होगी। इसी दिन से हिंदू नववर्ष की भी शुरुआत होती है, इसलिए इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना की जाती है, जिसे कलश स्थापना भी कहते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सही मुहूर्त में कलश स्थापित करने से मां दुर्गा की कृपा बनी रहती है। घटस्थापना के दिन भक्तजन विधि-विधान से कलश स्थापित करेंगे और नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा करेंगे।

हिंदू कैलेंडर के अनुसार, चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि के साथ नवरात्रि की शुरुआत होती है और नवमी तिथि के साथ समाप्त होती है। ऐसे में वै​दिक पंचांग के अनुसार इस साल चैत्र नवरात्रि 30 मार्च से शुरू हो रही है और यह 6 अप्रैल तक चलेगा।नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। पहले दिन मां शैलपुत्री, फिर ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की आराधना की जाती है। हर दिन मां के अलग स्वरूप की पूजा का खास महत्व होता है। वहीं, नवरात्रि में अष्टमी और नवमी तिथि को कन्या पूजन करना बहुत शुभ माना जाता है। इस दिन छोटी बच्चियों को मां दुर्गा का रूप मानकर उनकी पूजा की जाती है और उन्हें भोजन कराया जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

ऐसे में आइए जानते हैं कि चैत्र नवरात्रि के दौरान कलश स्थापना कब करें, पूजा विधि क्या है।

  • स्नान करने के बाद ही पूजा घर को साफ करें और फिर एक चौकी पर लाल कपड़ा बिछाएं।
  • मिट्टी के बर्तन में जौ बोएं।
  • एक कलश में गंगाजल भरकर उसमें सुपारी, दूर्वा घास, अक्षत और सिक्के डालें।
  • कलश के मुख पर आम के पत्ते रखें और उस पर नारियल रखें।
  • कलश को जौ के बर्तन के ऊपर रखें।
  • देवी दुर्गा का आह्वान करें और नौ दिनों तक उनकी विधिपूर्वक पूजा करें।
  • इस दौरान भक्त नौ दिनों तक उपवास रखें।
  • देवी दुर्गा की प्रतिदिन सुबह और शाम भाव के साथ आरती करें।
  • रोजाना या फिर अष्टमी-नवमी के दिन कन्या पूजन करें और उन्हें भोजन कराएं।
  • इस दौरान सात्विक भोजन करें और तामसिक भोजन से बचें।
  • घर में स्वच्छता बनाए रखें और किसी से विवाद न करें।
  • इस दौरान तामसिक चीजों से दूर रहें।
  • इस दौरान महिलाओं का अपमान न करें।

मां दुर्गा पूजा मंत्र

  • ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे।।
  • देहि सौभाग्यमारोग्यं देहि मे परमं सुखम्।
  • रूपं देहि जयं देहि यशो देहि द्विषो जहि।।
  • सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके। शरण्ये त्र्यंबके गौरी नारायणि नमोस्तुते।।
  • या देवी सर्वभूतेषु शैलपुत्री रूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *