चंबा मेडिकल कॉलेज वार्ड में तीमारदारों के साथ हुई बहसबाज़ी, मारपीट में बदली डॉक्टर घायल


चंबा-12 जनवरी. चंबा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे एक डॉक्टर पर तीमारदार और उसके दो साथियों ने रॉड से हमला कर घायल कर दिया। डॉक्टर मयंक नेत्र वार्ड में मरीजों की जांच कर रहे थे जब उन्होंने तीमारदार को वार्ड से बाहर जाने को कहा तो तीमारदार की डॉक्टर से कहासुनी हो गई। ड्यूटी खत्म कर जब डॉक्टर अस्पताल से बाहर निकले तो तीमारदार और उसके दो साथियों ने अपनी कार से रॉड निकाली और डॉक्टर पर हमला कर दिया। डॉक्टर की चीख-पुकार सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई और कुछ लोग उनकी मदद के लिए आगे आए। भीड़ को देख हमलावर वहां से फरार हो गए। घायल डॉक्टर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। डॉक्टर ने पुलिस को मामले की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

मेडिकल कॉलेज चंबा के प्रवक्ता एवं फैकल्टी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मानिक सहगल ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। डॉक्टरों ने इस घटना पर रोष जताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *