कुल्लू के पतलीकूहल में नेपाली ने दूसरे नेपाली को उतारा मौत के घाट,आरोपी गिरफ्तार


कुल्लू-10जनवरी. जिला के पतलीकूहल में शुक्रवार देर रात एक नेपाली मूल के व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया और अब ढालपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रात्रि 10 बजे के करीब थाना पतलीकूहल के अंतर्गत 16 मील में हत्या का एक मामला सामने आया है. मृतक की पहचान बीर बहादुर सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी नेपाल के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ललित उर्फ ललन निवासी नेपाल ने आपसी लड़ाई-झगड़े के दौरान मृतक को जानबूझकर सड़क के किनारे से नदी की ओर धक्का दे दिया, जिस कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई.

वही, स्थानीय लोगों ने इस बारे पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ललित उर्फ ललन को गिरफ्तार कर लिया है. इस संबंध में थाना पतलीकूहल में अभियोग संख्या 06/26 के तहत धारा 103 भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज किया गया है.

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच से यह भी सामने आया है कि घटना के समय दोनों व्यक्ति शराब के नशे में थे और इसी दौरान विवाद बढ़ गया. पुलिस की ओर से मामले की गहनता से जांच की जा रही है. आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.

बता दें कि इससे पहले कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में बीते दिनों एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. बिहार के मुंगेर जिले का रहने वाला 21 वर्षीय दीपक झा, जो दिल्ली में काम करता था, चंडीगढ़ से टैक्सी लेकर बंजार पहुंचा था. वो यहां गाड़ा गुशैणी की रहने वाली एक विवाहित महिला से मिलने आया था, जिसके दो बच्चे हैं. पुलिस के अनुसार युवक के आने की जानकारी महिला के पति और ग्रामीणों को लग गई थी. जिसके बाद महिला के पति और ग्रामीणों ने युवक को बेरहमी से पीटा. गंभीर हालत में युवक को पहले बंजार अस्पताल और फिर कुल्लू के ढालपुर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *