कुल्लू अखाड़ा बाज़ार भूस्खलन में तीन और शव बरामद


कुल्लू-06 सितंबर. शहर के आखाड़ा बाजार में शनिवार को रेस्क्यू ऑपरेशन फिर से शुरू हो चुका है. आज सुबह तड़के शुरु हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में तीन शव बरामद हुए हैं. ये शव कश्मीर के रहने वाले वेकर अहमद, ताहिर और हुसैन के हैं. वेकर अहमद बुधवार और ताहिर, हुसैन गुरुवार को आखाड़ा बाजार में हुए भूस्खलन के कारण मलबे में दब गए थे.

बेकर अहमद 8 दिन पहले ही कुल्लू आया था और अखाड़ा बाजार में सब्जी मंडी के समीप चिकन कॉर्नर में काम कर रहा था. बेकर ने कुपवाड़ा के रहने वाले फरीद के साथ आखाड़ा बाजार में कमरा किराए पर लिया था, लेकिन होनी को कुछ और मंजूर था. बुधवार को पहाड़ी से भूस्खलन हुआ और दो घर इसकी चपेट में आ गए. एक घर का एक कमरा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ. तो वहीं दूसरा मकान भी मलबे की चपेट में आ गया. किराए के कमरे में सो रहे बेकर और उसके साथी फरीद के साथ दूसरे कमरे में सो रहा एनडीआरएफ का जवान नरेंद्र मलबे में दब गए. फरीद किसी तरह से किचन की खिड़की से बाहर निकल गया था और उसकी जान बच गई.बेकर और एनडीआरएफ के जवान को मलबे से निकालने के लिए बुधवार से ही रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा था. आज सुबह बेकर अहमद का शव मलबे से बरामद हुआ है. बेकर के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. एनडीआरएफ के जवान की तलाश अभी भी मलबे में जारी है.गुरुवार को आखाड़ा बाजार में ही दूसरी जगह पर हुए लैंड स्लाइड के कारण मलबे में 10 लोग दब गए थे. अब तक एनडीआरएफ ने स्थानीय महिला और पांच कश्मीरी युवकों के शव बरामद किए हैं. ताहिर और हुसैन के शव आज एनडीआरएफ ने बरामद किए हैं. सज्जाद अहमद, अब्दुल रशीद के साथ एक स्थानीय महिला का शव शुक्रवार को मलबे से बरामद हुआ था. एक अन्य कश्मीरी मेहराज का शव गुरुवार को ही मलबे से निकाला गया था, जिसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था. वहीं, मलबे में दबे गुलजार की तलाश अभी भी जारी है, जबकि तीन लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. ये सभी कश्मीर के रहने वाले हैं और कुल्लू में मजदूरी और दूसरे काम करते थे.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *