शिमला-19 नवंबर. प्रदेश के दो कारोबारियों ज्ञान चंद और संजय धीमान को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मुख्यालय ने अवैध खनन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया है। इन पर हिमाचल प्रदेश में ब्यास नदी और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में यमुना नदी में अवैध खनन कर करोड़ों की आय अर्जित करने के आरोप हैं। दोनों को विशेष न्यायालय (पीएमएलए) गाजियाबाद के समक्ष मंगलवार को पेश किया। बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने 1.80 करोड़ नकद देकर सहारनपुर में गढ़वाल स्टोन क्रेशर खरीदा है, जहां अवैध खनन के आरोप लगे हैं।
मामले में आरोपियों से पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने और गिरफ्तारियां होने की आशंका है। ईडी के मुताबिक, उन्हें औपचारिक शिकायतें और खुफिया सूचनाएं मिली थीं, जिनमें आरोप है कि ज्ञान चंद सहित कई खनन माफिया ब्यास नदी के तट पर अवैध रेत और खनिज खनन का काम कर रहे हैं। ईडी ने इस मामले में कांगड़ा और ऊना जिलों के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज छह एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की। एक केस सहारनपुर में दर्ज है। एफआईआर में आरोप है कि सरकारी जमीन पर अवैध खनन गतिविधियां हो रही हैं और प्रदेश के ऊना और कांगड़ा जिलों में टिपर, पोकलेन, जेसीबी और ट्रैक्टर अवैध खनन में लगे हैं। ये लोग खनिजों को वाहनों द्वारा अवैध रूप से स्टोन क्रशर तक पहुंचा रहे थे।
अवैध खनन मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 2 गिरफ्तार, अदालत में किए पेश
